Viral Video : बाइक पर बना डाली घास-फूस की छत, पत्नी को धूप से बचाने पति का देसी जुगाड़ वायरल
Instagram Viral Video : देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तेज धूप और लू के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोग खुद को गर्मी से बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कोई छाता लेकर निकल रहा है तो कोई चेहरे को कपड़े से ढककर सफर कर रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
वायरल वीडियो में एक शख्स अपनी पत्नी को तेज धूप से बचाने के लिए अनोखा जुगाड़ लगाकर बाइक पर सफर करता नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बाइक चला रहा है और पीछे उसकी पत्नी बैठी हुई है। खास बात यह है कि बाइक के ऊपर घास-फूस से बनी एक छोटी छत लगाई गई है, जो दोनों को धूप से बचा रही है।
पति का अनोखा जुगाड़ देख लोग हुए हैरान
गर्मी से राहत पाने का यह देसी तरीका सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। आमतौर पर लोग बाइक पर सफर करते समय हेलमेट, गमछा या छाते का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस शख्स ने तो बाइक पर ही घास-फूस की छत तैयार कर दी। सड़क पर यह नजारा इतना अलग था कि आसपास मौजूद लोग भी उन्हें देखते रह गए। किसी राहगीर ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर आ रहे मजेदार रिएक्शन
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर thehabibsaifi नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो अपलोड होते ही लाखों लोगों ने इसे देखना शुरू कर दिया। अब तक इस वीडियो पर करोड़ों व्यूज आ चुके हैं। यूजर्स भी इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “पति हो तो ऐसा, जो पत्नी को धूप से भी बचा ले।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाक में कहा, “अब कार खरीदने की जरूरत ही क्या है।” कई लोगों ने इसे भारतीय जुगाड़ का बेहतरीन उदाहरण बताया।