Chhattisgarh Weather Update : पूरे प्रदेश में पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मानसून (Chhattisgarh Weather Update) ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के सभी हिस्सों तक पहुंच गया है। इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
3 जुलाई तक बंगाल की खाड़ी में बन सकता है निम्न दबाव
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक सीजनल द्रोणिका पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। (Chhattisgarh Weather Update)
अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां रहेंगी तेज
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं पूर्वी बिहार और आसपास सक्रिय एक अन्य चक्रीय परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर रहा है।
1 जुलाई को अधिकांश जिलों में बारिश के आसार
1 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर तेज अंधड़, वज्रपात और भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की गई है। (Chhattisgarh Weather Update)
इन संभागों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर संभाग, रायपुर संभाग के पूर्वी जिले तथा बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।
Chhattisgarh Weather Update पांच दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि वर्षा की गतिविधियों में आया यह बदलाव अगले पांच दिनों तक बना रह सकता है। ऐसे में निचले इलाकों, नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों तथा किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।