Karela Farming Success : करेले की खेती से हर एकड़ 96 हजार रुपये की कमाई, आधुनिक तकनीक ने बदल दी किसान की किस्मत
Chhattisgarh Agriculture News : कम लागत, वैज्ञानिक तकनीक और सरकारी योजनाओं (Karela Farming Success) का सही उपयोग खेती को लाभ का सौदा बना सकता है। इसका उदाहरण करेले की खेती के रूप में सामने आया है, जहां आधुनिक पद्धति से करेला की खेती कर एक किसान ने प्रति एकड़ करीब 96 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। उनकी सफलता अब आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है और उद्यानिकी फसलों की ओर नए अवसर खोल रही है।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन से मिली नई दिशा
महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम जुनवानी खुर्द के प्रगतिशील किसान ओमनारायण ध्रुव ने पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए वैज्ञानिक तरीके से करेला की खेती शुरू की। वर्ष 2025-26 में उन्होंने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत सब्जी क्षेत्र विस्तार योजना का लाभ लेकर एक हेक्टेयर क्षेत्र में करेला लगाया। इसके लिए उन्हें 24 हजार रुपये का अनुदान मिला, जबकि आधा हेक्टेयर क्षेत्र में सपोर्ट सिस्टम लगाने के लिए 5 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की गई।
ड्रिप सिंचाई और आधुनिक तकनीक से बढ़ा उत्पादन
करेले की खेती (Karela Farming Success) के तहत ओमनारायण ध्रुव ने ड्रिप सिंचाई और आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर खेती की लागत कम की तथा जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया। वैज्ञानिक तकनीकों के बेहतर उपयोग से उन्हें प्रति एकड़ लगभग 12 टन करेला उत्पादन प्राप्त हुआ। औसतन 15 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक्री करने के बाद सभी खर्च घटाकर उन्हें प्रति एकड़ लगभग 96 हजार रुपये का शुद्ध लाभ मिला।
Karela Farming Success दूसरे किसानों के लिए बने प्रेरणा
ओमनारायण ध्रुव अपनी सफलता का श्रेय राष्ट्रीय बागवानी मिशन, उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और आधुनिक कृषि तकनीकों को देते हैं। उनकी उपलब्धि से प्रेरित होकर आसपास के कई किसान भी सब्जी एवं उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इससे क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों का रकबा लगातार बढ़ रहा है और किसानों की आय के नए स्रोत विकसित हो रहे हैं।
आधुनिक खेती से बढ़ रही किसानों की आय
विशेषज्ञों का मानना है कि वैज्ञानिक खेती, सिंचाई प्रबंधन और सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन सकता है। करेले की खेती (Karela Farming Success) इसकी एक सफल मिसाल है, जिसने यह साबित किया है कि आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।