PM Surya Ghar Scam : खबर का असर, बिजली विभाग हरकत में आया, किसान के घर पूरा कराया सोलर प्लांट इंस्टालेशन
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Scam ) के तहत अधिकृत वेंडर की कथित लापरवाही से परेशान किसान की खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड के ग्राम गौरडीह निवासी किसान भीमसेन पटेल के घर गुरुवार शाम विभागीय टीम पहुंची और लंबे समय से अधूरा पड़ा सोलर प्लांट इंस्टालेशन पूरा कराया। इससे पहले किसान ने आरोप लगाया था कि बैंक से 1.50 लाख रुपये की राशि जारी होने के बावजूद वेंडर ने काम अधूरा छोड़ दिया था, जिससे वह बैंक की EMI और बिजली बिल दोनों का भुगतान करने को मजबूर था।
मामला सामने आने के बाद राजधानी टाइम्स में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। खबर के बाद बरमकेला बिजली विभाग के सहायक अभियंता गदाधर सिदार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पहले वेंडर की जमकर क्लास लगाई और तत्काल किसान के घर वेंडर की टेक्निकल टीम को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद वेंडर दौड़ा दौड़ा शाम को ही किसान के घर पहुंचा और अधूरे इंस्टालेशन का आवश्यक कार्य पूरा कर सोलर सिस्टम स्थापित कराया।

खबर प्रकाशित होते ही सक्रिय हुआ विभाग
खबर सामने आने के कुछ ही घंटों के भीतर बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। सहायक अभियंता के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और लंबित कार्य पूरा कराया। इससे किसान को लंबे इंतजार के बाद राहत मिली।
अधूरा काम छोड़कर चला गया था वेंडर (PM Surya Ghar Scam )
किसान का आरोप था कि अधिकृत वेंडर बैंक से पूरी राशि प्राप्त करने के बाद केवल कुछ सामान घर पर छोड़कर चला गया था। इंस्टालेशन अधूरा होने के कारण सोलर सिस्टम (PM Surya Ghar Scam ) चालू नहीं हो सका और एक यूनिट बिजली का भी उत्पादन शुरू नहीं हुआ था।